Search

सिकंदराबाद: मोहल्ला सराय झांझन की नालियों में बहाया जा रहा गोबर, सड़क पर फैली गंदगी से मोहल्लेवासी परेशान

1,822 Views

सिकंदराबाद : नगर के मोहल्ला सराय झांझन में इन दिनों बदहाल सफाई व्यवस्था लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गई है। क्षेत्र में पशुपालकों द्वारा नालियों में गोबर और मल-मूत्र बहाने से नालियां जाम हो गई हैं, जिससे सड़कों पर गंदगी फैल रही है। इससे पूरे मोहल्ले में दुर्गंध फैली हुई है और लोगों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कुछ पशुपालक सबमर्सिबल पंपों के जरिए गोबर व अन्य गंदगी को नालियों में प्रवाहित कर रहे हैं, जिससे नालियां ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगती हैं। नालियों के किनारे बने पुस्ते भी टूटे हुए हैं, जिसके चलते गंदगी सीधे सड़क पर पहुंच जाती है। बुजुर्गों और बच्चों के फिसलकर गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं।

एक पीड़ित निवासी ने बताया, “नगर पालिका को कई बार शिकायत देने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारी आते हैं, एक दिन सफाई होती है और अगले दिन फिर वही हालात बन जाते हैं।”

गौरतलब है कि अभी बरसात शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन सड़कों पर फैली गंदगी देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बारिश में हालात और भी भयावह हो सकते हैं। गर्मी के इस मौसम में संक्रमण फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।

मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। पशुपालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए और नालियों की नियमित सफाई कराई जाए। साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाकर चेतावनी दी जाए ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News