बुलंदशहर: जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई पुलिस मुठभेड़ों में 25 हजार के इनामी गोकश नौशाद समेत तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इन मुठभेड़ों में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अरनिया में पहली मुठभेड़
रात के समय अरनिया थाना पुलिस बड़ागांव फ्लाईओवर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक बाइक और ऑटो में सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया।

खुर्जा देहात में दूसरी मुठभेड़
फरार बदमाश की सूचना मिलने पर खुर्जा देहात पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार नौशाद दिखाई दिया, जिसे रोकने की कोशिश की गई तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नौशाद के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही पकड़ा गया।
तीनों बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों थाना क्षेत्रों की मुठभेड़ के बाद घायल बदमाशों नौशाद और शहजाद सहित तीसरे साथी तरीकत को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के पास से तीन तमंचे, एक ऑटो, तीन चोरी की मोटरें, मोटर चोरी करने के उपकरण और अन्य सामान बरामद किया गया है।
अपराधिक इतिहास
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान नौशाद, शहजाद और तरीकत के रूप में हुई है। तीनों बदमाश गौतम बुद्ध नगर, खुर्जा देहात और अरनिया क्षेत्र के निवासी हैं। इन अपराधियों पर विभिन्न थानों में चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
[democracy id=”current”]

