सिकन्दराबाद: मंगलवार को नगर के जे.एस.कॉलेज में दीपावली मेला पूरे धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। मेले का उद्घाटन उपजिलाधिकारी रेनू सिंह ने माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया। मेले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं,अध्यापकों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति,कला,और व्यंजनों को बढ़ावा देना था,जिसे सभी ने खुले दिल से सराहा।

मेले में सजावट से लेकर विभिन्न कार्यक्रमों तक हर पहलू में दीपावली के त्योहार की रौनक झलक रही थी। मेले में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट भारतीय व्यंजन,मिठाइयाँ और पारंपरिक पकवान उपलब्ध थे,जिन्हें लोगों ने बड़े चाव से चखा। विद्यार्थियों द्वारा स्वयं बनाए गए स्टॉल में समोसे, चाट, गोलगप्पे,दही-भल्ले,और मिठाईयों के अलावा कई प्रकार के खास व्यंजन शामिल थे।

दीपावली मेले में रंगोली एवं व्यंजन प्रतियोगिता ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। हर प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी कला और प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कॉलेज सचिव रचना भटनागर ने दीपावली मेले के सफल आयोजन पर छात्रों और स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा इस तरह के आयोजन हमें हमारी परंपराओं से जोड़ते हैं और विद्यार्थियों को सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक बनाते हैं। जेएस कॉलेज का यह दीपावली मेला न केवल उत्सव का प्रतीक है बल्कि समाज में भाईचारे और एकता का संदेश भी देता है। दीपावली मेला विद्यार्थियों और सभी आगंतुकों के लिए आनंदमय अनुभव रहा।

सभी ने इस आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के अध्यक्ष बुद्धदेव बाबू रहे एवं संचालन गीता शेखावत ने किया। इस मौके पर पूर्व सचिव नितिन भटनागर, प्राचार्या प्रो.स्वप्ना उप्रेती,सैयद अस्करी नकवी,दीप्ति भदोरिया,नीलम द्विवेदी,के.के.शर्मा,पुनीत यादव, विकास पांडे,राम मोहन वशिष्ठ,अतुल गौतम,मोहम्मद फ़ारूक़ सहित महाविधालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
