बुलंदशहर। कांवड़ यात्रा को सकुशल, व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराये जाने के लिए की जा रही तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार द्वारा एलडीएवी इन्टर कॉलेज, अनूपशहर में कांवड़ यात्रा से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में विभागवार कराये जाने वाले कार्यो के बारे में जानकारी हासिल की गई। बैठक में हरिद्वार से जल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के कांवड़ यात्रा मार्ग, जलाभिषेक होने वाले प्रमुख मन्दिरों, गंगा घाटों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बताया गया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जोन/सेक्टर में बांटते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। बैठक में जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभागवार अधिकारियों से उनके द्वारा कराये जाने वाले कार्यो के बारे में जानकारी हासिल की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हरिद्वार से जल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाये। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरें लगाये जाये। यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी वाहनों को यात्रा मार्ग पर न जाने दिया जाये इसके लिए पहले से ही रूटचार्ट तैयार कर वाहनों का रूट डायवर्जन करें। रूट डायवर्जन के संकेतक भी लगाये जाये। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी अधिकारी अपने वाहनों में पीए सिस्टम अवश्य रखें। छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका निराकरण करें। गंगा घाटों पर बैरिकेटिंग, गोताखोर, नाव, पीए सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम आदि सभी व्यवस्था को कराया जाये। डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें अवगत करा दें कि निर्धारित ऊंचाई एवं निर्धारित आवाज में ही डीजे का संचालन करें। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस की सादी वर्दी में भी ड्यूटी लगायी जाये।
जलाभिषेक के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए गांवों में सुरक्षा समिति भी बनायी जाये। जनपद के प्रमुख जलाभिषेक वाले मन्दिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम कराये जाये। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अभिषेक सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 प्रशान्त कुमार, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एसपी देहात रोहित मिश्र, एसपी अपराध डा0 राकेश कुमार मिश्र सहित उप जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अनूपशहर में घाटों पर निरीक्षण करते हुए घाटों पर कराये जाने वाली व्यवस्था का भी जायजा लिया।