बुलंदशहर। रामघाट थाना पुलिस टीम और स्वाट टीम को रामघाट क्षेत्र में बड़ी कामयाबी मिली है। बदमाशों से मुठभेड़ में टीम ने करीब 11 दिन पहले क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर ट्रॉली लूटकांड में शामिल अलीगढ़ के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा कर दिया।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात जनपद में वांछित अपराधियों की तलाश में चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना रामघाट पुलिस टीम व स्वाट टीम रामघाट देहात में गंगनहर पुल पर संदिग्ध वाहन और लोगों की चेकिंग कर रही थी। ग्राम नगला जाटनी की तरफ से पुलिस को एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने इन्हें रूकने का इशारा किया तो दोनों बाइक को तेजी से नहर की पटरी की तरफ मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर इनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसलकर गिर गई। इस पर पुलिस टीम ने बदमाशों को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने लिए कहा लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश का नाम अजय उर्फ काली पुत्र राजेन्द्र उर्फ छोटेलाल निवासी ग्राम प्यावली थाना पाली मुकीमपुर जनपद अलीगढ़ है। दूसरे बदमाश की पहचान लाल सिंह पुत्र रामखिलाड़ी निवासी ग्राम लहरा सलेमपुर थाना दादों जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है।
बदमाशों से असलहे और लूटा मोबाइल बरामदथा
ना प्रभारी रामघाट पूनम जादौन ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाश रामघाट क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट कांड में शामिल निकले। घायल बदमाश अजय उर्फ काली को जिला अस्पताल बुलंदशहर में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के कब्जे से अवैध असलाह,कारतूस, लूटा मोबाइल, ट्रैक्टर की चाबी एवं प्लेटीना बाइक बरामद हुई है।

कई जनपदों में आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि बदमाश अजय उर्फ काली व लाल सिंह शातिर किस्म के चोर व लुटेरे किस्म के अपराधी हैं जो थाना रामघाट क्षेत्र में गत 26 जून को हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट में वांछित चल रहे थे। अभियुक्त अजय उर्फ काली के खिलाफ अलीगढ़, संभल, बदायूं, बुलंदशहर में 10 और लालसिंह के खिलाफ 5 अपराधिक मामले दर्ज हैं।
