सिकंदराबाद: तहसील सिकंदराबाद में शुक्रवार दोपहर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के संचालन और कार्यप्रणाली की जानकारी देने के लिए डेमो सेटअप स्थापित किया गया। इस दौरान एसडीएम रवींद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। डेमो सेटअप के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों के साथ आम नागरिकों को भी मशीनों के संचालन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उनकी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान करना है। इसके साथ ही चुनाव व्यवस्था के प्रति पारदर्शिता और विश्वास को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
डेमो सेटअप के माध्यम से व्यावहारिक प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदाता मतदान की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें। प्रशासन की इस पहल से नागरिकों को जागरूक एवं सजग बनाने के साथ उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सशक्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
