सिकंदराबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती नगर में दीपावली के उपलक्ष्य में दीपोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में रंगोली तथा पूजा की थाली एवं दीप सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष हरसरन शर्मा, प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, निर्णायक कुमारी श्वेता यादव एवं तनु शर्मा तथा प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने मां सरस्वती एवं भगवान गणेश के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पार्चन करके किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगों और मनमोहक आकृतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ओम कुमार (कक्षा 10) ने प्रथम, ईशू सैन (कक्षा 10) ने द्वितीय तथा प्रिंस कुमार (कक्षा 8) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं पूजा की थाली एवं दीप सज्जा प्रतियोगिता में अनुराग (कक्षा 6) ने प्रथम, राशि वर्मा (कक्षा 8-ए) ने द्वितीय तथा हर्ष शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

भारतीय संस्कृति और परंपराओं का दिया संदेश
इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष हरसरन शर्मा एवं प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। प्रबंधक नितिन गर्ग ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और सकारात्मकता का पर्व है। हमें इस त्योहार को आपसी प्रेम, सद्भाव और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप मनाना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने प्रबंध समिति एवं निर्णायक बहनों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
