सिकंदराबाद: श्री महाराजा अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार रात पंचवटी फार्म हाउस पर वैश्य पारिवारिक दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में राधा-कृष्ण और महाकाल की धार्मिक नाटिकाओं सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बुलंदशहर की चेयरपर्सन दीप्ती मित्तल और खुर्जा के निवर्तमान चेयरमैन राजीव बंसल ने माता महालक्ष्मी एवं महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर दीप्ती मित्तल ने लाला टोडरमल द्वारा सबसे महंगी जमीन खरीदने के ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए इसे वैश्य समाज के राष्ट्रप्रेम का उदाहरण बताया। वहीं राजीव बंसल ने समाज के लोगों से राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने सिकंदराबाद से भाजपा की ओर से अजय बंसल की दावेदारी को भी प्रोत्साहित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अलीगढ़ के महाकाल ग्रुप के कलाकारों ने ब्रज वंदना, महारास, विष्णु अवतार, डांडिया, ब्रज की होली, महाकाल, सती कथा और उज्जैन महाआरती की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को भक्तिमय बना दिया।
इस दौरान 25 अक्टूबर को निकाली गई शोभायात्रा में विभिन्न स्वरूपों में सजकर शामिल हुए बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही पत्रकारों को भी सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में लगे मेले में विभिन्न दुकानों पर लोगों ने दीपावली की खरीदारी की। जयंती कैटर्स की चाट और नेचुरल आइसक्रीम का लोगों ने आनंद लिया। वहीं आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम का संचालन राजेश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मोहनलाल गोयल, अशोक सिंघल, शिवप्रकाश गोयल, राधेश्याम मित्तल, नवीन सिंघल, दीपक सिंघल, अनिल गोयल सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
