Search

सिकंदराबाद: सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में शक्ति और संस्कारों का महापर्व, विधायक लक्ष्मीराज की मौजूदगी में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना

398 Views

सिकंदराबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध नगर के सरस्वती नगर स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में नवदुर्गा एवं विजयदशमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का विधिवत पूजन किया गया। भजन, पुष्पार्चन और सामूहिक आरती के बीच विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग तथा प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की गई। विद्यार्थियों और आचार्यों ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सामूहिक आरती के माध्यम से मां दुर्गा का गुणगान किया गया।

नारी शक्ति के सम्मान और सद्गुणों को अपनाने का संदेश

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता शशीबाला ने अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति के सम्मान, आत्मविश्वास, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। वहीं, विजयदशमी का पर्व सत्य की असत्य पर तथा धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपने जीवन में सद्गुणों को अपनाने और बुराइयों का त्याग करने का आह्वान किया।

भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर

विधायक लक्ष्मीराज ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने ऐसे आयोजनों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और अपनी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रीति त्यागी ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु एवं आचार्या बहनें उपस्थित रहे।


Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News