जगन्नाथ जी, बांके बिहारी लाल, बाबा नीम करोली और महाकाल की झांकियों ने मोहा मन, मां काली के अखाड़े और सिंदूरी हनुमान रहे आकर्षण का केंद्र
82 आइटमों से सजी रामबारात में उमड़ा जनसैलाब, फूलों से सजे रथ पर विराजमान रहे श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न
सिकंदराबाद। नगर में श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, नफीरी, बैंड-बाजों, धार्मिक धुनों और मनोहारी झांकियों से सजी शोभायात्रा नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने इसका स्वागत किया। बैंड और डीजे की धुनों पर लोग झूमते नजर आए, जबकि कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने गणेश आरती कर किया शुभारंभ
रामबारात का शुभारंभ अग्रसेन चौक स्थित चेंबर की धर्मशाला से हुआ। क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह, रामलीला कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित, चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भगवान गणेश की आरती उतारी और नारियल फोड़कर शोभायात्रा को रवाना किया। सबसे आगे रामलीला कमेटी का ध्वज और उसके पीछे भगवान गणेश की झांकी चल रही थी। इसके बाद आकर्षक झांकियों का कारवां आगे बढ़ा।

जगन्नाथ जी से बाबा महाकाल तक की झांकियों ने मोहा मन
रामबारात में डेढ़ दर्जन से अधिक प्रमुख झांकियों समेत कुल 82 आइटम शामिल रहे। जगन्नाथ जी, बांके बिहारी लाल, बाबा नीम करोली, बाबा खाटू श्याम, राधा-कृष्ण, कालका माई, मां दुर्गा, तीन देवियों, हनुमान लांगुर और सिंदूरी हनुमान की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
बाबा महाकाल की पालकी, नंदी जी, महाकाल के गर्भगृह, शिव-पार्वती, दुर्गा-महिषासुर वध और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों ने धार्मिक छटा बिखेरी। मां काली के अखाड़े, सिंदूरी हनुमान और भगवान श्रीराम का अलौकिक दरबार देखने के लिए लोगों में विशेष उत्साह रहा।

फूलों से सजे रथ पर विराजमान रहे चारों भाई
शोभायात्रा के अंतिम भाग में फूलों से सजे भव्य रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न विराजमान थे। चारों भाइयों के दिव्य स्वरूप और भव्य दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह, त्रिवेश गुप्ता, रामलीला कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा, पंडित राकेश शर्मा, अरविंद दीक्षित, राहुल गुप्ता, जगदीश बजाज और संजीव गोयल हेरिटेज सहित कमेटी के सदस्यों ने रथ पर विराजमान भगवान की आरती उतारी। अन्य झांकियों और मां काली के अखाड़ों की भी आरती की गई।

मां काली के अखाड़ों के करतबों ने बांधा समां
रामबारात में मां काली के आठ अखाड़े, नौ ढोल और पांच बैंड शामिल रहे। ढोल और बैंड की गूंज के बीच अखाड़ों के कलाकारों ने तलवारबाजी तथा लाठी-डंडों से शानदार करतब दिखाए। धार्मिक धुनों और शहनाई की मधुर स्वर लहरियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। डीजे और बैंड की धुनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। शोभायात्रा देखने के लिए नगर के प्रमुख बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी।

प्रमुख बाजारों से गुजरकर भजनलाल मंदिर पर हुआ समापन
रामबारात दनकौर तिराहे से होते हुए विजयद्वार, चौधरीवाड़ा, वैधवाड़ा, बड़ा बाजार और हनुमान चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसके बाद कबाड़ी बाजार स्थित भजनलाल मंदिर पर इसका समापन हुआ। शोभायात्रा देखने के लिए नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

अधिकारियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम का मंच संचालन रजनीश वर्मा और अरविंद दीक्षित ने किया। रामलीला कमेटी की ओर से उपजिलाधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडेय, कोतवाली निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह और यातायात निरीक्षक राजपाल तोमर को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अन्य गणमान्य लोगों का भी स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के मद्देनजर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया था। दनकौर रोड से कबाड़ी बाजार स्थित भजनलाल मंदिर तक पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।

आतिशबाजी पर पाबंदी के बावजूद नहीं थमे पटाखे
प्रशासन की ओर से आतिशबाजी पर रोक के निर्देश के बावजूद रामबारात के दौरान पटाखे छोड़े गए। मंच से बार-बार अपील के बाद भी कुछ लोग झांकियों और मां काली के अखाड़ों के आसपास आतिशबाजी करते नजर आए। हवाई पटाखे भी छोड़े गए। इससे प्रशासनिक निर्देशों के पालन को लेकर सवाल उठे। धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिबंध के बावजूद आतिशबाजी जारी रहना व्यवस्था और नियमों के अनुपालन पर सवालिया निशान खड़ा करता रहा।

कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा, चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा, प्रभारी अरविंद दीक्षित, सचिव जगदीश बजाज, प्रबंधक राहुल गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष अर्जुन वर्मा, महासचिव संजीव गोयल हेरिटेज, उपप्रधान राकेश मोहन सर्राफ, उपप्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, सहसचिव लोकेश कौशल, संगठन मंत्री अजय शर्मा, विशाल चौधरी, प्रचार मंत्री दिवाकर गोयल, शिवम गोयल, सुरेश चंद शर्मा, पिंकी वोहरा, सुशील शर्मा और मनोज यादव सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
