Search

सिकन्दराबाद: नालियों में गोबर बहाने वालों पर होगी कार्रवाई, नगर पालिका ने चलाया निरीक्षण अभियान

188 Views

सिकंदराबाद: नगर पालिका परिषद सिकंदराबाद की टीम ने बुधवार सुबह मोहल्ला सराय झाँझन स्थित पजाया वाली गली में निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से बिना अनुमति दूध डेयरी संचालित करने और पशुपालन किए जाने की स्थिति सामने आई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कुछ पशुपालकों और डेयरी संचालकों द्वारा पशुओं से निकलने वाला गोबर नालियों में बहाया जा रहा है। इससे नालियों के अवरुद्ध होने, गंदगी फैलने और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई थी।

नगर पालिका की टीम ने नालियों में गोबर बहाने और सार्वजनिक स्थानों पर पशु अपशिष्ट डालने वाले लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार चिह्नित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिशासी अधिकारी शिवराज ने पशुपालकों और डेयरी संचालकों से अपील की कि नालियों में गोबर अथवा किसी भी प्रकार का पशु अपशिष्ट न बहाएं। उन्होंने कहा कि पशु अपशिष्ट का उचित स्थान पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने कहा कि नगर की स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


 

Spread the love

Leave a Comment