Search

सिकंदराबाद: भारत विकास परिषद की गायन प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर ने जीता प्रथम स्थान

118 Views

मधुर प्रस्तुति से जीता निर्णायकों का दिल, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर


सिकंदराबाद। भारत विकास परिषद द्वारा जैन इंटर कॉलेज, सिकंदराबाद में आयोजित गायन प्रतियोगिता में दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुलावठी रोड, सिकंदराबाद के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभागियों ने मधुर, सुमधुर एवं प्रभावशाली गायन प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति के आधार पर विद्यालय की टीम को प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने विजेता भैया-बहनों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी प्रतिभा, निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम एवं संस्कारों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करती हैं।

प्रतियोगिता में खुशी सिंह, अनु चौधरी, श्वेता, निधि चौधरी एवं ऋतुराज गोस्वामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। प्रधानाचार्य ने प्रतिभागियों के प्रशिक्षक आचार्य विपिन कुमार, सावन एवं अजय कुमार को भी शुभकामनाएं देते हुए उनके मार्गदर्शन और परिश्रम की सराहना की।

विद्यालय परिवार ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने की कामना की।


 

 

 

Spread the love

Leave a Comment