सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र और सड़कों पर खड़े ट्रकों, कैंटरों व चार पहिया वाहनों से एसीएम चोरी करने के मामले में सिकंदराबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एसीएम बरामद किए हैं। इनमें एक बॉश कंपनी और दो टाटा कंपनी के एसीएम बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिलबेगमपुर बंबा-सिकंदराबाद इंडस्ट्रियल रोड से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एसीएम बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरताज पुत्र छोटे खान निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सीलमपुर, दिल्ली, ताजिम उर्फ लल्ला पुत्र अजीज निवासी जनता कॉलोनी, दिल्ली और जमील पुत्र नसरुद्दीन निवासी जनता कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के मूल पते दिल्ली, बरेली और अलीगढ़ जनपद से संबंधित हैं।
पुलिस के मुताबिक सरताज के कब्जे से बॉश कंपनी का एसीएम बरामद हुआ, जिस पर 22260368 अंकित है। ताजिम उर्फ लल्ला से टाटा कंपनी का एसीएम मिला, जिस पर WP580 और SN 1819-01-40129 अंकित है। वहीं जमील के कब्जे से टाटा कंपनी का एसीएम बरामद हुआ, जिस पर WP582 और SN 2115-04-40247 अंकित है।
पुलिस ने बताया कि बरामद टाटा कंपनी के एसीएम की चोरी के संबंध में सिकंदराबाद थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपियों से हुई बरामदगी के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में पुलिस को आरोपियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों और सड़कों पर खड़े वाहनों से एसीएम चोरी कर बेचने की जानकारी मिली है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
