सिकंदराबाद: मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक दिव्यांग नाबालिग बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोतवाली सिकंदराबाद क्षेत्र में करीब 12 वर्षीय दिव्यांग बालिका अकेली घूमती हुई मिली। बालिका को अकेले देखकर और उसकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से उसे अपने संरक्षण में लिया और कोतवाली सिकंदराबाद पहुंचाया।
कोतवाली में पुलिस टीम ने बालिका से बातचीत कर उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसके माता-पिता से संपर्क किया और उन्हें कोतवाली बुलाया। आवश्यक सत्यापन और पूछताछ के बाद बालिका को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
बालिका के सुरक्षित मिलने और घर पहुंचने पर परिजनों ने राहत जताते हुए एंटी रोमियो टीम और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं, बालिकाओं और जरूरतमंद लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए क्षेत्र में लगातार चेकिंग के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
