सिकंदराबाद। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मभूमि वाराणसी से प्रारंभ हुई कलश वंदन यात्रा रविवार शाम सिकंदराबाद पहुंची। यात्रा का जेवर अड्डे पर स्वागत किया गया। इसके बाद पवित्र कलश को लेकर यात्रा सिकंदराबाद की वाल्मीकि बस्ती स्थित मंदिर पहुंची। यहां से यात्रा नगर के विभिन्न मंदिरों से होते हुए नगर भ्रमण के लिए निकली।
कलश में संत रविदास जी की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र माटी शामिल थी। सिकंदराबाद पहुंचने पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलश का स्वागत किया और श्रद्धापूर्वक दर्शन किए। इस दौरान संत रविदास जी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
यात्रा में भाजपा नगर अध्यक्ष त्रिवेश गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश पालीवाल, पूर्व सभासद राजीव राघव, मोहित अग्रवाल, भाजपा के पूर्व महामंत्री नवीन गुप्ता, पंडित सचिन शर्मा, पिंकी वोहरा, अरविंद दीक्षित, भाजपा जिला महामंत्री राहुल वाल्मीकि और सभासद बिजेंद्र वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा नेता देवेंद्र सिंह सोलंकी ने श्रद्धापूर्वक पवित्र माटी से युक्त कलश को अपने सिर पर धारण किया और नगर भ्रमण में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश देता है। उनके विचार समाज को जोड़ने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं।
सामाजिक एकता और समरसता का दिया संदेश
कलश वंदन यात्रा के दौरान लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाने तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह हुए स्वागत से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
