Search

सिकंदराबाद पुलिस की कार्रवाई, साइबर ठगी के 8 मामलों में वापस कराए 1.34 लाख

239 Views

सिकंदराबाद: सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने जुलाई माह के दौरान साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी से जुड़े 8 मामलों का सफल निस्तारण किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों के 1 लाख 34 हजार 514 रुपए उनके बैंक खातों में वापस कराए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) नरेश कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल और संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने ठगी की रकम को समय रहते होल्ड और फ्रीज कराने की कार्रवाई की, जिसके बाद पूरी धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस करा दी गई।

पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत दर्ज होने और त्वरित समन्वय के कारण पीड़ितों को राहत मिल सकी। रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने कोतवाली पुलिस का आभार जताया।

कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, ओटीपी या सीवीवी साझा न करें। यदि साइबर धोखाधड़ी के कारण खाते से पैसे निकल जाएं तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment