सिकंदराबाद: यदि गलती से किसी दूसरे बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हो जाएं तो घबराने के बजाय तत्काल शिकायत करना जरूरी है। ऐसा ही एक मामला सिकंदराबाद में सामने आया, जहां थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 56,100 वापस उसके खाते में पहुंचा दिए।
ग्राम नूरपुर निवासी आदित्य कुमार राणा ने 22 जुलाई 2026 को थाना सिकंदराबाद में शिकायत दी थी कि उनके द्वारा गलती से 56,100 की राशि एक गलत बैंक खाते में ट्रांसफर हो गई है। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में थाना सिकंदराबाद की साइबर हेल्प डेस्क ने बैंक और संबंधित पक्ष से समन्वय स्थापित कर जिस खाते में धनराशि गई थी, उसकी पहचान की। आवश्यक कार्रवाई के बाद पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर आदित्य कुमार राणा ने सिकंदराबाद पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए साइबर हेल्प डेस्क के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, पिन, ओटीपी या सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि साइबर धोखाधड़ी या खाते से अवैध निकासी की घटना हो तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
