सिकंदराबाद: सिकंदराबाद निवासी पायल गौर ने बुधवार को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का आधिकारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके साथ ही वह डिस्ट्रिक्ट 3100 की सबसे युवा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बन गई हैं। उनका कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 तक रहेगा।
अपने एक वर्षीय कार्यकाल के दौरान पायल गौर सेवा, नेतृत्व, सदस्यता विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य रोटरी की सेवा गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 के अंतर्गत मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद, मुज़फ्फरनगर, बागपत, शामली, बिजनौर और श्रीनगर (गढ़वाल) सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के कई जिले शामिल हैं। इस डिस्ट्रिक्ट में करीब 130 रोटरी क्लब कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से हजारों रोटेरियन शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने पर पायल गौर ने कहा कि वह सेवा परियोजनाओं को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार लाने तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों तक रोटरी की सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी।
