बुलंदशहर: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम और दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों के बेहतर संकलन को लेकर बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय ने की।
बैठक में जनपद में गठित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (सीसी टीम) में नियुक्त उपनिरीक्षकों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एएसपी नगर ने कहा कि जिले में होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी एकत्र कर उनका समयबद्ध तरीके से एकीकृत सड़क दुर्घटना डाटाबेस (आईआरएडी) परियोजना तथा ई-डीएआर (ई-विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट) पोर्टल पर फीड किया जाए। इससे दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी रोकथाम की रणनीति तैयार की जा सकेगी।
बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पीएम राहत (सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल भर्ती एवं सुनिश्चित उपचार) योजना की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों को योजना के तहत पुलिस प्रमाणीकरण की प्रक्रिया और उसकी महत्ता से अवगत कराया गया।
इस दौरान यातायात व्यवस्था और दुर्घटना नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात शशांक श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी शिकारपुर पूर्णिमा सिंह, एसीएमओ डॉ. शशिकांत राय, प्रभारी निरीक्षक यातायात राजपाल सिंह, एनआईसी रोल मैनेजर कीर्तिचंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
