Search

सिकंदराबाद: कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण को लेकर हंगामा, ग्रामीणों के विरोध पर बदली जगह

580 Views

सिकंदराबाद: बकरीद के मौके पर कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण को लेकर गुरुवार को जीटी रोड स्थित ईदगाह के पास हंगामे की स्थिति बन गई। आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने अस्थायी डंपिंग ग्राउंड में अवशेष डाले जाने का विरोध करते हुए नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा ईदगाह के समीप खाली पड़ी भूमि पर अस्थायी डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है। बकरीद पर नगर क्षेत्र से कुर्बानी के अवशेषों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से वहां लाया गया। नगर पालिका कर्मचारी जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खोदकर अवशेषों का निस्तारण कर रहे थे।

इसी दौरान आसपास के गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दुर्गंध व स्वच्छता संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि आबादी के नजदीक इस प्रकार अवशेषों का निस्तारण करने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और स्थिति को संभाला।

अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि यहां अस्थायी रूप से डंपिंग ग्राउंड बनाया गया था, जहां अवशेषों का निस्तारण किया जा रहा था। ग्रामीणों के विरोध के बाद फिलहाल वहां से निस्तारण की व्यवस्था दूसरी जगह कर दी गई है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और मामला शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment