सिकंदराबाद: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने अब बिजली व्यवस्था पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद ट्रांसफार्मरों के ओवरहीट होकर फुंकने का खतरा बढ़ गया। ऐसे में विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए अनोखी पहल शुरू की है, जिसे विभागीय कर्मचारी ‘वॉटर थेरेपी’ नाम दे रहे हैं।
अभियान के तहत विभाग की टीमें ट्रांसफार्मरों की अर्थिंग लाइन में लगातार पानी डाल रही हैं, ताकि उनका तापमान नियंत्रित रहे और उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। सिकंदराबाद विद्युत उपकेंद्र की टीमें तहसील और जोखाबाद क्षेत्र के ट्रांसफार्मरों पर विशेष निगरानी रख रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार तेज गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर लोड लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यदि समय रहते उन्हें ठंडा न रखा जाए तो ट्रांसफार्मर खराब होने की आशंका बनी रहती है, जिससे बड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर मौजूद उपखंड अधिकारी रवि कुमार स्वयं पूरे कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
