Heatwave In Delhi : भीषण गर्मी का सामना कर रही दिल्ली को अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली में रहने वाले लोगों को अभी गर्मी और झुलसाएगी। मौसम विभाग ने बताया है कि राष्ट्रीय राजधानी वासियों को अगले सात दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी और लू से राहत मिलने के कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी में अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के
नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक एक मई से 10 जून के बीच 40 दिनों में से 32 दिन राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया था। गर्मी ने पिछले 14 सालों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिये।
राजधानी में अगले सात दिनों तक आसमान साफ रहने और कई स्थानों पर झुलसाने वाली गर्मी और लू चलने और दिन के समय 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। राजधानी के कुछ अलग-अलग हिस्सों में आज लू भी चली,आसमान साफ रहा और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
तापमान और बढ़ने के आसार
उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में भीषण गर्मी का एक और दौर शुरू हो गया है और अगले पांच दिन के दौरान तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारत में अप्रैल और मई महीने में कई दिन तक भीषण गर्मी पड़ी थी और लू चली थी। आईएमडी ने एक बयान में कहा,अगले पांच दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है।