सिकंदराबाद: हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सिकंदराबाद नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ चौथी विशाल शोभायात्रा निकाली गई। सनातन युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे नगर में “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ कुत्ते की कब्र से हुआ, जो जीटी रोड, देवी मंदिर गेट, दनकौर तिराहा, विजय द्वार, चौधरीवाड़ा, वैधवाड़ा, बड़ा बाजार, हनुमान चौक, कबाड़ी बाजार और दामोदर तिराहे से होते हुए पुराना जीटी रोड मार्ग से पुनः कुत्ते की कब्र पर जाकर संपन्न हुई।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में श्रीराम के ध्वज लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा में श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूप में सजे कलाकारों की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों ने पौराणिक कथाओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
डीजे की भक्ति धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा नगर राममय हो गया। जगह-जगह नगरवासियों द्वारा शोभायात्रा का फूलों की वर्षा, शीतल पेय और प्रसाद वितरण कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग पर सजावट और रोशनी की गई थी, जिसने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
शोभायात्रा को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यात्रा मार्ग पर भारी पुलिस बल और स्वयंसेवक तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
यह शोभायात्रा न केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक रही, बल्कि नगर की सांस्कृतिक एकता और धार्मिक समरसता का भी सशक्त उदाहरण बनी।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे हर वर्ष और अधिक भव्य रूप में आयोजित करने का संकल्प लिया।
