सिकंदराबाद: गुरुवार को सरस्वती नगर स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में वार्षिक परीक्षा फल एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नरेंद्र भाटी एमएलसी, गौतमबुद्ध नगर एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि नरेंद्र भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और परीक्षा केवल आगे बढ़ने का माध्यम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित किए गए, जिसमें कुल 430 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी और सभी ने सफलता प्राप्त की। विद्यालय स्तर पर अभिनव विश्वास शर्मा ने 98% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान लक्ष्य यादव और तृतीय स्थान भूमिका शर्मा ने प्राप्त किया।
विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में कनिका वर्मा, ओजस्वी, अर्णव चौधरी, स्नेहा सिंगल, अंश भारद्वाज, अव्यन, रिया भारद्वाज, आयुष गौतम और तरुण सिंह सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शत-प्रतिशत उपस्थिति, खेलकूद प्रतियोगिताओं, संस्कृति ज्ञान परीक्षा, संस्कृत ज्ञान परीक्षा, निबंध प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा देने वाले पत्रकारों को भी पटका और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग एवं प्रधानाचार्य रामकरण सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रीति त्यागी ने किया। इस अवसर पर अनिरुद्ध शास्त्री, सतीश चंद्र गर्ग, माधुरी गार्गी, नरेश गुप्ता, हिमांशु गर्ग, मयंक गोयल सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
