सिकंदराबाद: अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में नगर के वैश्य समाज द्वारा रविवार देर शाम मंदिर भजनलाल स्थित गणपति भवन में भाजपा के नवनियुक्त नगराध्यक्ष त्रिवेशराम गुप्ता एवं जिला प्रतिनिधि निधि गर्ग का भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में वैश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा कुलदेवी मां लक्ष्मी एवं महाराज अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत समिति के संरक्षक अशोक सिंघल, प्रधान मोहनलाल गोयल एवं अध्यक्ष शिवप्रकाश काका ने त्रिवेशराम गुप्ता को माला, पटका एवं दुशाला पहनाकर सम्मानित किया।
वहीं उपाध्यक्ष उषा बंसल, चंद्रप्रकाश सर्राफ, महासचिव नवीन सिंघल एडवोकेट, नितिन अग्रवाल एवं दीपक सिंघल ने निधि गर्ग को माला, पटका एवं दुशाला भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में नगराध्यक्ष त्रिवेशराम गुप्ता ने कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी वैश्य समाज की एकजुटता के कारण प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक अधिकार एवं सुरक्षा काफी हद तक राजनीतिक हैसियत पर निर्भर करते हैं, इसलिए समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए।
जिला प्रतिनिधि निधि गर्ग ने कहा कि वैश्य बाहुल्य नगर में समाज को सशक्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, जिसके लिए अभी से रणनीति बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। दोनों अतिथियों ने समाज द्वारा दिए गए सम्मान का आभार व्यक्त करते हुए सेवा के माध्यम से इसका प्रतिदान देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद में वैश्य समाज के घटते प्रतिनिधित्व पर चिंता व्यक्त की गई तथा वार्डों के पुनः परिसीमन की मांग उठाई गई। इस अवसर पर नगर पालिका के एकमात्र वैश्य सभासद विनीत गोयल को त्रिवेशराम गुप्ता द्वारा पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं भाजपा के पूर्व महामंत्री अजय बंसल को समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मोहनलाल गोयल, डॉ. विपिन गर्ग एवं मोहित अग्रवाल एडवोकेट ने अपने संबोधन में भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए वैश्य समाज को संगठनात्मक रूप से और मजबूत बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितिन अग्रवाल एवं राजेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया तथा अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
