सिकंदराबाद : नवीन फल एवं सब्जी मंडी को औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी एवं मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि इस वैकल्पिक मार्ग के बनने से राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर लगने वाले भीषण जाम और सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।
संगठन के ऑल इंडिया प्रमुख कोर कमेटी सदस्य चौधरी प्रेमराज भाटी ने बताया कि गांव सांवली स्थित बड़ी फल-सब्जी मंडी में नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से व्यापारी सब्जी खरीदने आते हैं। किसानों, व्यापारियों, ठेली-रेहड़ी वालों और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि जाम के कारण वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाने लगते हैं और यातायात नियमों का उल्लंघन होता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
इस समस्या के समाधान के लिए संगठन द्वारा एक वैकल्पिक मार्ग का सुझाव दिया गया है।
प्रेमराज भाटी के अनुसार, मंडी से लगभग 500 मीटर आगे एक चौराहा है, जो पुराने दिल्ली रोड, नोएडा और फरीदाबाद मार्ग से जुड़ा हुआ है। यदि इस चौराहे को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के औद्योगिक क्षेत्र की सड़क से जोड़ दिया जाए, तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी के कारण होने वाली भीड़भाड़ में करीब 70 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष सुशील प्रधान, नगराध्यक्ष मलखान यादव सहित परमजीत अधाना, जगदीश अधाना, झम्मन सिंह, अंगूरी देवी, सीमा, यशोदा, मीरा, बसंत भाटी, राजकुमार पीलवान, जसवंत सिंह, सचिन, अजय कुमार और विजय प्रधान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
