सिकंदराबाद: नगर के वार्ड नंबर 7 स्थित चौधरीवाड़ा में शुक्रवार शाम एक विद्युत पोल में करंट आने से एक गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्युत खंभे में करंट उतरने की जानकारी किसी को पहले नहीं थी। गौवंश जैसे ही खंभे के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड नंबर 7 के सभासद शाहिद मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपखंड अधिकारी रवि कुमार को पूरे मामले से अवगत कराया और मांग की कि पुराने विद्युत खंभे को हटाकर जल्द से जल्द सीमेंट का नया खंभा लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
इस पर उपखंड अधिकारी रवि कुमार ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही यहां सीमेंट का विद्युत खंभा लगवाया जाएगा, जिससे आगे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों और जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
