सिकंदराबाद: जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते जल, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण की समस्या के समाधान की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। संगठन की कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य चौधरी प्रेमराज भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिकंदराबाद के उप-जिलाधिकारी दीपक कुमार पाल को सरकारी हैंडपंप से निकले दूषित पानी की बोतल उपहार स्वरूप भेंट की।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा गया। संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं चौधरी प्रेमराज भाटी ने बताया कि बुलंदशहर जनपद के अंतर्गत जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्ट्रियां पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं कर रही हैं। केमिकल फैक्ट्रियों द्वारा केमिकल युक्त दूषित जल को बोरिंग के माध्यम से जमीन में उतारा जा रहा है, वहीं कुछ इकाइयां खुलेआम नालों में जहरीला पानी छोड़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि दूषित व बदबूदार पानी के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी हो रही है तथा भूजल भी लगातार प्रदूषित होता जा रहा है। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों की चिमनियों से निकलने वाला काला धुआं वायु प्रदूषण को बढ़ावा दे रहा है, जबकि मशीनों से होने वाला शोर ध्वनि प्रदूषण का कारण बन रहा है।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरकारी हैंडपंपों से लिए गए दूषित पानी की बोतलें एसडीएम को सौंपी गईं।
इस अवसर पर कृष्णपाल यादव, प्रेमराज भाटी, ब्रह्मपाल कपासिया, मोहित अधाना, बसंत भाटी, वीर सिंह भाटी, मनोज अधाना, उमेश यादव, उधम सिंह, झम्मन सिंह, नीरज भड़ाना, भीम सिंह, चेतन अधाना, विजय प्रधान, सौरभ भाटी, राजकुमार पीलवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं एसडीएम दीपक कुमार पाल ने कहा कि जिन स्थानों के बारे में जानकारी दी गई है, उनकी जांच कराई जाएगी और जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सिकंदराबाद: दूषित पानी की बोतल भेंट कर कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
Share Now :
WhatsApp
Rohit Bansal
Other News
सिकंदराबाद: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन
March 22, 2026
सिकंदराबाद: ईद से पहले ईदगाह का निरीक्षण, प्रशासन अलर्ट
March 20, 2026
