सिकंदराबाद सीएचसी में OPD में मरीजों की भारी भीड़, हर दिन 800 तक मरीज पहुंच रहे हैं। बुखार, खांसी और एलर्जी के केस तेजी से बढ़े।
सिकंदराबाद : राजकीय संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों के अनुसार, प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या 700 से 800 तक पहुंच रही है।

डॉक्टरों ने बताया कि मौसमी बदलाव और बरसात के कारण मरीजों में बुखार, खांसी, सर्दी, एलर्जी और वायरल संक्रमण के लक्षण सबसे अधिक देखने को मिल रहे हैं। वहीं जांच कराने के लिए भी हर दिन करीब 150 से 200 मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे जांच केंद्रों पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है।

सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. किंजल राय ने बताया कि मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा, “भीगने से बचें, घरों में पानी इकट्ठा न होने दें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और संतुलित भोजन लें। इन सावधानियों से संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।”

