बुलंदशहर में कांवड़ यात्रा के दौरान एएसपी ऋजुल ने 101 किलो गुलाब के फूलों से शिवभक्तों का स्वागत किया। पुलिस द्वारा चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था और सेवा भाव ने श्रद्धालुओं का दिल जीता।
बुलंदशहर: सावन माह के पवित्र अवसर पर कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों के स्वागत में बुलंदशहर जनपद ने अनोखी मिसाल पेश की। थाना कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत जैनपुर तिराहा पर बनाई गई अस्थायी चौकी पर शिवभक्तों पर 101 किलो गुलाब के फूलों से भव्य पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान एएसपी ऋजुल ने स्वयं कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया और मंगलमय यात्रा की कामना की।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम पूछी और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।


इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस दलों की नियुक्ति की गई थी। चिकित्सा, जल व्यवस्था, ठहराव और प्राथमिक उपचार के लिए भी पुलिस चौकियों के साथ-साथ स्वयंसेवी संगठनों द्वारा भी व्यवस्थाएं की गईं।
