791 Views
सिकंदराबाद पुलिस ने हाईवे पर हुई मुठभेड़ में तीन कुख्यात बदमाशों को दबोचा। अब्दुल उर्फ शारिक गोली लगने से घायल, लूटे गए गहने, नकदी, तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद।
सिकंदराबाद: जिले में बढ़ते अपराध पर नकेल कसते हुए सिकंदराबाद पुलिस ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। हाईवे पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन बदमाशों को घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग हुई। मुठभेड़ में एक कुख्यात लुटेरा अब्दुल उर्फ शारिक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी राशिद उर्फ दंगल और अल्ताफ को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बरामद किए तमंचे, बाइक और लूट का माल
सीओ भास्कर कुमार मिश्रा के अनुसार, ये तीनों बदमाश दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, ₹37,000 नकद, तीन तमंचे, दो बिना नंबर की बाइक और लगभग पांच किलो तांबे का तार बरामद किया है।

अब्दुल के खिलाफ दर्ज हैं 17 से अधिक गंभीर मुकदमे
सीओ ने बताया कि घायल बदमाश अब्दुल उर्फ शारिक पर अकेले 17 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, और वह गैंगस्टर एक्ट के तहत भी वांछित है। वहीं अन्य दोनों बदमाशों पर बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ समेत अन्य जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की साहसिक कार्रवाई से टली बड़ी वारदात
पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई के चलते एक बड़ी आपराधिक घटना को रोका जा सका। फिलहाल तीनों बदमाशों को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
