Search

सिकंदराबाद: अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा, चार युवक गिरफ्तार, चोरी की बाइक भी बरामद

216 Views

सिकंदराबाद: अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार अवैध असलहे, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने पिलखनवाली-इस्माईलपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम वीरखेड़ा जाने वाले मार्ग से ग्राम सलेमपुर कायस्थ निवासी 25 वर्षीय सचिन को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

जेवर अड्डे के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम जौली निवासी 23 वर्षीय प्रशांत उर्फ बोस को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में मोटरसाइकिल दिल्ली के कालकाजी थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। इस मामले में आरोपी पर आर्म्स एक्ट के साथ चोरी की संपत्ति रखने की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया।

सिरोंधन रोड पर एसडीएम कॉलोनी जाने वाले मार्ग से ग्राम जौली निवासी 22 वर्षीय निशांत कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ।

चौथी कार्रवाई में इस्माईलपुर भट्टे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने ग्राम बिलसूरी की ओर से आ रहे परविंदर को पीछा कर दबोच लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment