सिकंदराबाद। दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिकंदराबाद के विद्यार्थियों ने विज्ञान मेला, वैदिक गणित एवं कराटे प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।
कांति प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, अनूपशहर में आयोजित विज्ञान मेले की विभागीय प्रतियोगिता में तरुण वर्ग के प्रदर्श में आरती यादव ने विद्युत धारा के चुंबकीय प्रभाव विषय पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पत्र वाचन में माही ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आचार्य पत्र वाचन में महिमा गर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। बाल वर्ग में युगेंद्र ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बुलंदशहर में आयोजित वैदिक गणित प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 8-B की गुंजन ने मॉडल में प्रथम स्थान, कक्षा 9-C के कार्तिक ने प्रयोग में प्रथम स्थान तथा नैनी ने पत्र वाचन में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कराटे में लक्ष्य भाटी ने जीता स्वर्ण पदक
विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 22 एवं 23 अगस्त को लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में विद्यालय के होनहार खिलाड़ी लक्ष्य भाटी ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
लक्ष्य भाटी की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। अब वह SGFI प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए दुबई जाएंगे, जो विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।
विद्यालय प्रबंधन ने विजेताओं को किया सम्मानित
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी प्रतिभा, परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, गणित, खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है।
विद्यालय के प्रबंधक राधेश्याम गर्ग (वैर वाले) ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने सभी विजेता विद्यार्थियों एवं आचार्या महिमा गर्ग को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय परिवार भविष्य में भी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए हरसंभव अवसर और मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार शर्मा, प्रबंधक राधेश्याम गर्ग एवं प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने सभी विजयी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कराटे में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले लक्ष्य भाटी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार ने सभी विजयी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
