सिकंदराबाद: इटावा प्रकरण को लेकर समाज में बढ़ते आंदोलित माहौल के बीच शनिवार को सिकंदराबाद में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष संजय यादव को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से बचाव को लेकर की है।
मोहल्ला पक्काबाग निवासी संजय यादव ने बताया कि इटावा जिलाध्यक्ष शिवराज यादव द्वारा समाज में व्याप्त अंधविश्वास और रूढ़िवादिता को लेकर इटावा में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें उन्हें भी शामिल होना था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया।
इस संबंध में एसआई नीरज शर्मा ने बताया कि समाज के कई लोग संजय यादव के नेतृत्व में इटावा जाने की तैयारी कर रहे थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत उन्हें उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नजरबंद किया गया है।
जिलाध्यक्ष संजय यादव ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से समाज सुधार से जुड़ा था और इसका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने के लिए इस तरह की बैठकों की आवश्यकता है, लेकिन प्रशासन ने जनसंवाद की आवाज को रोक दिया।
