सिकंदराबाद: विधानसभा क्षेत्र 64 सिकंदराबाद में मतदाता सूची के निरंतर पुनरीक्षण अभियान को लेकर मंगलवार, 13 अक्टूबर को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने की।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूटने न देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा वर्तमान मतदाता सूची की तुलना पूर्व की सूची से की जाएगी। ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। इसके बाद उनके घर जाकर वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया जाएगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि घर-घर भ्रमण के दौरान छूटे हुए मतदाताओं, पहली बार मतदान के योग्य युवाओं और अन्य पात्र व्यक्तियों के फॉर्म-6 भरवाकर नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहायता की जाएगी। एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के नाम भी फॉर्म-6 के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ द्वारा तैयार की गई तुलनात्मक सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा की जाएगी, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग मिल सके।
बैठक में भाजपा के अरविंद दीक्षित और सुरेश चंद शर्मा, सपा के रविंद्र यादव और लोकेश यादव, अपना दल एस के एड. आरिफ अंसारी तथा आम आदमी पार्टी के मुकेश कुमार उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
