सिकंदराबाद। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। नगर के बाजार भी चिलचिलाती गर्मी के कारण पूरी तरह सुनसान नजर आ रहे है।
मौसम में लगातार हो रहे उतार चढ़ाव के चलते गुरुवार का दिन काफी गर्म रहा। नौतपा के चलते धूप की तपिश और गर्म हवा ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर को पारा 45 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा, जिससे भीषण गर्मी हो गयी। जिसके कारण जहां शहरों और गांवों की गलियां वीरान हो गई तो वहीं बाजार भी सुनसान नजर आए। नौतपा से राहत पाने के लिए लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों का इस्तेमाल कर प्यास बुझायी। दोपहर 12 बजे से पांच बजे तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते दिखाई दिए। वहीं नौतपा के चलते पानी की खपत भी बढ़ रही है, हर कोई बार-बार पानी पीकर प्यास बुझा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बाजार के कुछ व्यापारियों का कहना है कि इस बार गर्मी की मार इतनी भयंकर पड़ी है कि लोग घरों से बाहर ही नहीं निकल रहे हैं, जिस कारण आमदनी शून्य के समान हो गई है। भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। आसमान से बरस रहे शोलों के बीच सिकंदराबाद का तापमान गुरुवार को 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। भीषण गर्मी और तेज तपन की वजह से लोग घरों में कैद हो गए हैं। बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। गर्म हवा और लू के थपेड़ों ने आवागमन की रफ्तार को काफी कम कर दिया है। भीषण गर्मी में लोगों का जीना दुश्वार हो रहा है।