Search

सिकंदराबाद: नकली दवा सिंडिकेट की आंच सिकंदराबाद पुलिस तक, जोखाबाद चौकी प्रभारी समेत पूरा स्टाफ लाइन हाजिर

14 Views

सिकंदराबाद : दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच द्वारा नकली दवाओं के बड़े सिंडिकेट का खुलासा किए जाने के बाद अब इस मामले की आंच बुलंदशहर पुलिस तक पहुंच गई है। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र की जोखाबाद चौकी इलाके में नकली दवाओं के रैपर बनाने की फैक्टरी पकड़े जाने और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों तक न पहुंचाने के गंभीर मामले में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी टीम को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामले की जड़ें दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की उस कार्रवाई से जुड़ी हैं, जिसमें हाल ही में नकली दवाओं के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया था। यह गिरोह हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण कर रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि दवाओं की पैकेजिंग के लिए उन्होंने एक रैपर प्रिंटिंग मशीन खरीदी थी।

आरोपियों ने उक्त मशीन बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद स्थित जोखाबाद चौकी क्षेत्र में एक किराए के कमरे में स्थापित कर रखी थी, जहां धड़ल्ले से नकली दवाओं के रैपर तैयार किए जा रहे थे। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेकर जोखाबाद चौकी क्षेत्र में छापा मारा और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में मशीन बरामद की।

नियमानुसार किसी अन्य राज्य या जिले की पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की सूचना स्थानीय थाना व उच्चाधिकारियों को दी जानी होती है, लेकिन आरोप है कि जोखाबाद चौकी प्रभारी ने इस संवेदनशील मामले की जानकारी न तो थाना प्रभारी को दी और न ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।

इस गंभीर लापरवाही को अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मंगलवार शाम जोखाबाद चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह, उपनिरीक्षक सचिनरोहित, हेड कांस्टेबल मंजूर अहमद, सुनील कुमार, सविस कौशिक, अमित कुमार, कपिल चौधरी तथा कांस्टेबल नेम सिंह, अंकुर कुमार, रोहित कुमार, आरक्षी चालक संदीप सिंह भदौरिया और अजेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी बाहरी फोर्स की कार्रवाई या बरामदगी की सूचना छिपाना गंभीर अनुशासनहीनता है।

पूरे मामले की गहन जांच के लिए सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि स्थानीय पुलिस की आरोपियों से कोई मिलीभगत थी या यह केवल सूचना तंत्र की विफलता का मामला है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment