सिकंदराबाद। सोमवार को ईद उल अजहा का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया। सुबह 7 बजे ईदगाह में नगर इमाम ने ईद उल जुहा की नमाज अदा कराई।
नगर में लोगों ने ईद की नमाज अदा कर अमन और शांति की दुआए मांगी। एक दूसरे को गले से लगाकर ईद की बधाई दी गई। नगर में ईदगाह, जामा मस्जिद सहित कई मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने कुर्बानी भी दी। मौलाना आरिफ ने इस मौके पर कहा कि अल्लाह को खुश करने के लिए ईद पर कुर्बानी दी जाती है और ईद पर लोग सभी गिला शिकवा भुला कर एक दूसरे से मिलते हैं। जिससे एक साथ मिल जुल कर रहने का सन्देश जाता है। बकरीद को इस्लाम में बहुत ही पवित्र त्यौहार माना जाता है। इस्लाम में एक साल में दो तरह की ईद मनाई जाती है। एक ईद जिसे मीठी ईद कहा जाता है और दूसरी बकरीद। एक ईद समाज में प्रेम की मिठास घोलने का संदेश देती है, जबकि दूसरी ईद अपने कर्तव्य के लिए जागरूक रहने का संदेश देती है। ईद उल अजहा का दिन फर्ज ए कुर्बानी का दिन होता है।
नमाज के दौरान ईदगाह स्थल पर कोतवाली प्रभारी रवि रतन सिंह, निरीक्षक अपराध शाखा सरजेश कुमार के साथ साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं एसडीएम रेनू सिंह, तहसीलदार बालेन्द्रू भूषण वर्मा मय फ़ोर्स के नमाज खत्म होने तक ईदगाह स्थल पर रहे। वही ड्रोन कैमरे से ईदगाह के चारों तरफ निगरानी रखी गई। नगरपालिका ईओ रविन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस चौकसी व पुलिस अधिकारियों की देखरेख में ईद का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि नगर में बकरीद का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।