सिकंदराबाद: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सिकंदराबाद में मतदाता सूची पठन एवं सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 17 व 18 जनवरी तथा 31 जनवरी व 1 फरवरी को क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।
अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा अलेख्य मतदाता सूची एवं ASD सूची का पठन किया जाएगा। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें।
यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसके सुधार के लिए फॉर्म-8 भरकर तत्काल आवेदन किया जा सकता है। वहीं, जिन मतदाताओं का नाम सूची से कट गया है और वे पुनः मतदाता बनना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
एसडीएम दीपक कुमार पाल ने बताया कि यह अभियान मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
