377 Views
सिकंदराबाद। कोतवाली पुलिस ने मंदिर से घंटे चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए मंदिर के दो घंटे बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, शुक्रवार देर रात अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव लक्ष्मणगढ़ी निवासी विपिन उर्फ शेरू (20) और शिवा उर्फ भोला (19) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो घंटे बरामद किए। इस मामले में कोतवाली सिकंदराबाद में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
