Search

सिकंदराबाद: खेल प्रतियोगिता में चमके विद्यालय के खिलाड़ी, जीते कई पदक

176 Views

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी प्रांतीय प्रतियोगिता में मुरादाबाद में दिखाएंगे प्रतिभा


सिकंदराबाद। नगर के गुलावठी रोड के केशव नगर स्थित दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को वंदना सत्र के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जहांगीराबाद में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

उल्लेखनीय है कि 2 अक्टूबर 2026 को प्रहलाद स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जहांगीराबाद, बुलंदशहर में आयोजित खेल प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के नाम अनेक पदक किए।

अंडर-14 में विद्या और मानवी ने जीते स्वर्ण समेत कई पदक

अंडर-14 वर्ग में छात्रा विद्या ने 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं छात्रा मानवी ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 100 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा लंबी कूद में कांस्य पदक प्राप्त किया।

अंडर-19 वर्ग में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

अंडर-19 वर्ग में छात्र ध्रुव ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। छात्र अंशुल ने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक, डिस्कस थ्रो में रजत पदक तथा त्रिकूद में कांस्य पदक हासिल किया। छात्रा खुशी ने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक एवं हैमर थ्रो में कांस्य पदक अर्जित किया। वहीं छात्र कुनाल ने हैमर थ्रो में रजत पदक तथा डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं : राजीव गुप्ता

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें इसी प्रकार परिश्रम और लगन के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए। प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विद्यालय के प्रमुख पीटीआई दिनेश सिंह एवं महेंद्र सिंह को भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके मार्गदर्शन और परिश्रम की सराहना की।

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी 14 अक्टूबर से मुरादाबाद में दिखाएंगे प्रतिभा

प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं आगामी 14 अक्टूबर से आयोजित होने वाली प्रांतीय प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए मुरादाबाद जाएंगे। विद्यालय परिवार ने प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।


Spread the love

Published On

Leave a Comment