सिकंदराबाद: दयावती दीवान सिंह शुक्ला सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिकंदराबाद की अंडर-17 बालिका टीम और अंडर-19 बालक टीम ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया।
यह प्रतियोगिता 19 और 20 सितंबर 2025 को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर, देहरादून में आयोजित हुई। प्रतियोगिता का यह 37वां संस्करण था, जिसमें ब्रज प्रांत, मेरठ प्रांत और उत्तराखंड प्रांत की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
विद्यालय की दोनों टीमों ने पी.टी.आई. काजल के मार्गदर्शन में शानदार खेल दिखाते हुए विद्यालय, क्षेत्र और माता-पिता का मान बढ़ाया।
विद्यालय की अंडर-17 बालिका टीम की खिलाड़ी अन्तिका, कनिका, मानसी, सदफ और मानवी का चयन अब अखिल भारतीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए हो गया है, जो 27 से 31 अक्टूबर तक हापुड़ में आयोजित होगी। वहीं अंडर-19 बालक टीम से युगांक का चयन भी राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 8 से 12 अक्टूबर तक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हापुड़ में आयोजित होगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने छात्रों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं इसी प्रकार अपने विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहें। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारी में योगदान देने वाले पी.टी.आई. दिनेश सिंह, काजल एवं महेंद्र सिंह को भी धन्यवाद और बधाई दी।