तहसील सिकंदराबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने 20 शिकायतें सुनीं। 3 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, शेष के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिकंदराबाद: तहसील सिकंदराबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, आपूर्ति, नगर पालिका एवं समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 7 शिकायतें राजस्व विभाग, 9 पुलिस विभाग, 1 विद्युत विभाग, 1 आपूर्ति विभाग, 1 नगर पालिका एवं 1 समाज कल्याण विभाग से संबंधित रहीं।
मौके पर ही राजस्व विभाग से जुड़ी 3 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
