Search

सिकंदराबाद: रामलीला में रासलीला की धूम, मीरा की कृष्ण भक्ति ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

127 Views

सिकंदराबाद: नगर के रामबाड़ा स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में रासलीला और मीरा चरित्र लीला का मनमोहक मंचन किया गया। राधिका कृष्ण कला मंडल एवं रामलीला मंडल, मथुरा-वृंदावन के कलाकारों ने व्यास पंकज भारद्वाज के निर्देशन में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और मीराबाई की अनन्य भक्ति का जीवंत चित्रण किया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित रासलीला का आकर्षक मंचन किया गया। भक्ति संगीत, मनमोहक दृश्यों और कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा रामलीला मैदान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इसके बाद मीरा चरित्र लीला का मंचन हुआ। इसमें मीराबाई के भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम, विश्वास, त्याग और समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। लीला के माध्यम से दर्शाया गया कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद मीराबाई ने अपनी कृष्ण भक्ति का मार्ग नहीं छोड़ा। उनके जीवन प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

रासलीला और मीरा चरित्र लीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेम, आस्था, त्याग और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश दिया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारतीय भक्ति परंपरा की सुंदर झलक पेश की।

कार्यक्रम में मंच संचालन प्रभारी अरविंद दीक्षित ने किया। इस अवसर पर राहुल गुप्ता, लोकेश कौशल, एडवोकेट नितिन गर्ग, राकेश मोहन सर्राफ सहित रामलीला कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment