सिकंदराबाद पुलिस ने मोटर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। तीन आरोपी गिरफ्तार, 21 किलो तांबा, 35 हजार नकद, बाइक और अवैध चाकू बरामद। आरोपी दिन में नलकूपों की रेकी कर रात में मोटर खोलकर तांबा निकालते थे।
सिकंदराबाद: कोतवाली पुलिस ने मोटर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चांद मोहम्मद, सईद और कबाड़ी रिज़वान शामिल हैं।

इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक चांद मोहम्मद और सईद दिन में गांव-गांव घूमकर नलकूपों की रेकी किया करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में ट्यूबवेल की मोटर खोलकर उसके अंदर से तांबा निकाल लेते थे। चोरी किया गया तांबा वे कबाड़ी रिज़वान को बेच देते थे।

पुलिस ने बरामद किया सामान
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 21 किलो तांबे का तार, ट्यूबवेल मोटर का कवर, 35 हज़ार रुपये नकद, तीन अवैध चाकू, चोरी करने के उपकरण और एक बाइक बरामद की गई है।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी अनिल शाही ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पुलिस टीम ने आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे लंबे समय से किसानों की ट्यूबवेल मोटर चोरी कर रहे थे। तीनों को जेल भेज दिया गया है।
