सिकंदराबाद में देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान अलीगढ़ का कुख्यात लुटेरा प्रवीण उर्फ परविंदर घायल होकर गिरफ्तार, लूटी गई वैगनआर और हथियार बरामद।
सिकंदराबाद: बुधवार देर रात करीब 12 बजे सिकंदराबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अलीगढ़ निवासी कुख्यात लुटेरा प्रवीण उर्फ परविंदर पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी घने कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नववर्ष के मद्देनज़र जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 31 दिसंबर की रात सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गुर्जर चौक पर पुलिस वाहनों की सघन जांच कर रही थी। तभी पुलिस को सिकंदराबाद क्षेत्र से लूटी गई एक वैगनआर कार आती दिखाई दी। पुलिस के रुकने के इशारे को अनदेखा कर कार सवार बदमाश तेज रफ्तार में भागने लगे।

पुलिस ने पीछा किया तो घने कोहरे के चलते कांवरा कट के पास बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शातिर अपराधी प्रवीण उर्फ परविंदर के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और लूटी गई वैगनआर कार बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि नववर्ष पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
