Search

सिकंदराबाद: दुर्गाष्टमी पर निकली माता रानी के चांदी के पंखे की शोभायात्रा, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

160 Views
डीजे, काली अखाड़े और आकर्षक झांकियां रहीं मुख्य आकर्षण, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

सिकंदराबाद। दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर रविवार देर शाम स्वर्णकार समाज की ओर से नगर में माता रानी के चांदी के पंखे की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों, धार्मिक झांकियों और माता रानी के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। सुसज्जित रथ पर विराजमान माता रानी का चांदी का पंखा आकर्षण का केंद्र रहा।

माता रानी की आरती के साथ हुआ शुभारंभ

शोभायात्रा का शुभारंभ दनकौर रोड स्थित बिशम्बर गंज में माता रानी की आरती के साथ हुआ। समाज के प्रमुख सदस्यों ललित वर्मा, लोकेश कौशल, रिंकू वर्मा, रजनीश वर्मा, फूल वर्मा, देवेंद्र वर्मा और सचिन वर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

तीन डीजे और काली अखाड़ों ने मोहा मन

शोभायात्रा में गणेश जी, मां दुर्गा, बांके बिहारी और स्वर्णकार समाज के आराध्य अजमीढ़ देव महाराज की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। तीन डीजे, तीन काली अखाड़े, ढोल और कीर्तन मंडली ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। धार्मिक धुनों पर श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी शोभायात्रा

शोभायात्रा बिशम्बर गंज से शुरू होकर दनकौर तिराहा, जीटी रोड, विजयद्वार, चौधरीवाड़ा, वैधवाड़ा, बड़ा बाजार, हनुमान चौक और कबाड़ी बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसके बाद किशन तालाब स्थित प्राचीन देवी मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद भी वितरित किया गया।

समाज के गणमान्य लोग रहे मौजूद

शोभायात्रा में लोकेश कौशल, मनोज वर्मा, शिवम वर्मा, आकाश वर्मा, हरीकिशन वर्मा और अमन वर्मा सहित स्वर्णकार समाज के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु शामिल रहे। आयोजन के दौरान पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

पुलिस रही सतर्क

शोभायात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की सतर्कता के बीच धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News