Search

सिकंदराबाद: सड़क चौड़ीकरण के नोटिसों पर भड़के व्यापारी, विधायक ने दिया जांच का भरोसा

404 Views

सिकंदराबाद:  सिकंदराबाद–दनकौर मार्ग के चौड़ीकरण प्रस्ताव को लेकर शुक्रवार दोपहर स्थानीय व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया और अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन द्वारा जारी नोटिसों पर नाराज़गी जताई।

प्रस्ताव के तहत दनकौर तिराहे से लेकर निजामपुर की पुलिया तक सड़क चौड़ीकरण किया जाना है। हाल ही में राजस्व विभाग और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क के मध्य से दोनों ओर 18-18 मीटर (करीब 60-60 फीट) तक चौड़ाई का चिन्हांकन किया था। व्यापारियों का कहना है कि यह चिन्हांकन कुल मिलाकर सौ फीट से अधिक क्षेत्र में किया गया है।

चिन्हांकन के बाद प्रशासन ने दुकानदारों और व्यापारियों को नोटिस जारी कर दिए, जिनमें सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए सात दिन के भीतर स्वयं ढांचा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा में अतिक्रमण न हटाने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए जबरन निस्तारण किया जाएगा।

इस कार्रवाई से आक्रोशित व्यापारियों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष नवीन राजपूत सहित अन्य व्यापारियों ने प्रशासन पर जल्दबाज़ी में कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बिना स्पष्ट जांच और किसी वैकल्पिक व्यवस्था के ऐसे नोटिस जारी करना उनके रोजगार पर सीधा असर डाल रहा है।

विरोध की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह भी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर ही कोई निर्णय लिया जाएगा। विधायक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने फिलहाल शांतिपूर्ण रुख अपनाया, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की मांग पर वे अड़े हुए हैं।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment