“सिकंदराबाद में प्रथम नवरात्र पर अखंड ज्योति यात्रा धूमधाम से निकाली गई। माता के जयकारों से गूंजा नगर, आकर्षक झांकियां बनीं केंद्र। लेकिन डीजे संचालकों ने प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी कर तेज आवाज से माहौल को प्रभावित किया”
सिकंदराबाद। प्रथम नवरात्र के अवसर पर सोमवार को नगर में माता की अखंड ज्योति यात्रा धूमधाम से निकाली गई। दिल्ली झंडेवालान माता मंदिर व कालकाजी से लाई गई अखंड ज्योति के स्वागत में नगर का माहौल भक्ति व उल्लास से सराबोर रहा। यात्रा में आकर्षक झांकियां, मां काली के अखाड़े और डीजे शामिल रहे। श्रद्धालु मां के भजनों पर झूमते नजर आए, वहीं यात्रा के दौरान जगह-जगह फूल बरसाकर श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति का स्वागत किया।

सुबह 10 बजे बस अड्डे से शुरू हुई यात्रा हाईवे, विजयद्वार, चौधरीवाड़ा, वैधवाड़ा, बड़ा बाजार, कबाड़ी बाजार होते हुए पुराना होली मेला रोड से विभिन्न मंदिरों तक पहुंची, जहां अखंड ज्योति को स्थापित किया गया। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। पूरा नगर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।

पुलिस-प्रशासन सतर्क, लेकिन डीजे संचालक लापरवाह
यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्था संभालते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, बावजूद इसके हाईवे पर जाम जैसी स्थिति रही। वहीं, डीजे संचालकों ने प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी कर दी।
पिछले दिनों कोतवाली परिसर में एसडीएम दीपक कुमार पाल व कोतवाल अनिल कुमार शाही ने डीजे संचालकों को सख्त हिदायत दी थी कि डीजे की आवाज सीमा में रखी जाए और लंबाई-चौड़ाई पर भी पाबंदी का पालन किया जाए। लेकिन यात्रा के दौरान डीजे संचालकों ने तेज आवाज में बेस बजाया। इतना ही नहीं, विजयद्वार के पास डीजे पर बैठे युवक ऊपर से गुजर रही बिजली की एलटी लाइन के बेहद करीब नजर आए, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रही।

प्रशासनिक निर्देशों की धज्जियां उड़ाने से यह स्पष्ट हो गया कि डीजे संचालकों पर सख्ती का कोई असर नहीं हुआ।
