सिकंदराबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 41 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से राजस्व विभाग की 1 शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने सभी विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
सिकंदराबाद: तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी दीपक कुमार पाल, तहसीलदार अंकित सिंह, नायब तहसीलदार चौधरी हेमंत सिंह और देवेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई के दौरान कुल 41 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें राजस्व विभाग से 34, पुलिस विभाग से 5, विद्युत विभाग से 1 और बीडीओ विभाग से 1 शिकायत शामिल रही।

अधिकारियों ने सभी प्रकरणों की मौके पर समीक्षा की, जिनमें से राजस्व विभाग से संबंधित एक शिकायत का तत्काल निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के साथ सौंप दिया गया।
एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से लंबित शिकायतों पर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
